बोकारो के बीएस सिटी थाना का एक वायरल वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में है। वीडियो में थाना परिसर में हंगामा और पुलिस के साथ धक्का-मुक्की जैसी स्थिति दिखाई दे रही है। अब इस वायरल वीडियो को लेकर पुलिस ने पूरा सच सामने रखा है। पुलिस का कहना है कि यह वीडियो 19 अप्रैल 2026 की उस घटना का है, जब दुंदीबाग के केतारी गली में दो पक्षों के बीच मारपीट और बाद में चाकूबाजी हुई थी।
जानकारी के मुताबिक, मारपीट के बाद एक पक्ष के करीब सात से आठ लोग बीएस सिटी थाना पहुंचे थे। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दूसरे पक्ष के देव कुमार साव पर गला और छाती में चाकू से हमला किया गया है। गंभीर हालत में घायल युवक को सदर अस्पताल से बीजीएच अस्पताल सेक्टर-4 रेफर किया गया।
डीएसपी सिटी आलोक रंजन के अनुसार, घटना की जानकारी मिलते ही थाना पहुंचे लोग गिरफ्तारी के डर से भागने लगे। पुलिस ने जब उन्हें हिरासत में लेने की कोशिश की, तो वहां मौजूद लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। महिलाओं द्वारा पुलिस कार्रवाई का विरोध किया गया और हिरासत में लिए जा रहे लोगों को छुड़ाने की कोशिश भी की गई।
पुलिस के मुताबिक, काफी मशक्कत के बाद दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया। मामले में चाकूबाजी, हंगामा और पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार को लेकर अलग-अलग केस दर्ज किए गए हैं। फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर अधूरी जानकारी फैलाई जा रही थी, जबकि जांच में पूरी घटना का क्रम सामने आ चुका है।
