परिवार में पसरा मातम…………
बोकारो। चास थाना क्षेत्र के तेलीडीह स्थित देव मार्केट के पास रविवार अहले सुबह चौथी मंजिल से गिरने से 17 वर्षीय शिवांश उर्फ राहुल कुमार की मौत हो गई। घटना के बाद जितिया पर्व की खुशियां मातम में बदल गईं। मृतक दसवीं कक्षा की पढ़ाई कर रहा था और वर्ष 2027 में मैट्रिक की परीक्षा देने वाला था।
परिजनों के अनुसार, शिवांश मूल रूप से पश्चिम बंगाल के श्रीरामपुर का रहने वाला था। उसका परिवार करीब 10 वर्षों से बोकारो में रह रहा है। पिछले ढाई वर्षों से वह अपनी मां के साथ तेलीडीह में किराए के मकान की चौथी मंजिल पर रह रहा था, जबकि उसके पिता युधिष्ठिर महतो मजदूरी के सिलसिले में हैदराबाद में रहते हैं।
बताया गया कि रविवार सुबह शिवांश सोकर उठा और मां से घूमने जाने की बात कहकर घर से निकल गया। कुछ देर बाद उसके चौथी मंजिल से नीचे गिरने की सूचना मिली। पड़ोसी राजेश के मुताबिक, सुबह करीब साढ़े पांच बजे तेज आवाज सुनाई दी। बाहर निकलने पर युवक लहूलुहान हालत में पड़ा मिला।
सूचना पर चास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए चास अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। थाना प्रभारी दिनेश सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में किशोर के मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की बात सामने आई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
