बोकारो, विजय सिंह। बोकारो के सेक्टर-6 थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह मॉर्निंग वॉक से घर लौट रही महिला से बाइक सवार दो अपराधियों ने हथियार के बल पर सोने की चेन और हीरे का लॉकेट छीन लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने महिला के पेट में पिस्तौल सटा दी और शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी दी। घटना के बाद दोनों अपराधी बाइक से फरार हो गए।पीड़िता यास्मीन निगार के अनुसार, वह सुबह सेक्टर-5 पुस्तकालय मैदान में मॉर्निंग वॉक के लिए गई थीं। वापस लौटने के दौरान बोकारो निवास के पास सेंटर मार्केट की ओर जाने वाले रास्ते में बाइक सवार दो हेलमेटधारी युवकों ने उन्हें निशाना बनाया। लाल रंग की पैशन प्रो बाइक से आए अपराधियों में से एक ने दौड़कर उनके पास पहुंचकर चेन देने को कहा। महिला के चेन खोलने से पहले ही आरोपी ने झपट्टा मारकर सोने की चेन और हीरे का लॉकेट छीन लिया।महिला के शोर मचाने पर बदमाश ने पिस्तौल पेट में सटाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद दोनों आरोपी पुस्तकालय मैदान की ओर फरार हो गए। सूचना पर सेक्टर-6 और सेक्टर-1 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी में जुटी है।
