चतरा जिले के कुंदा थाना क्षेत्र के हरदियाटांड़ गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। घरेलू विवाद ने ऐसा हिंसक रूप ले लिया कि एक पति ने अपनी ही पत्नी की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई, जबकि आरोपी पति अपने परिजनों के साथ घर छोड़कर फरार हो गया है।
मृतका की पहचान 25 वर्षीय कैली देवी के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार, पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान पति मंसू परहिया ने गुस्से में आकर कैली देवी पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और इसकी सूचना कुंदा थाना पुलिस को दी। स्थानीय ग्रामीण मंगल परहिया ने बताया कि घटना बेहद दर्दनाक थी। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो घर की छत पर खून के धब्बे मिले। वहीं हत्या में इस्तेमाल किए गए लाठी-डंडे भी बरामद किए गए, जिससे घटना की क्रूरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
कुंदा थाना प्रभारी प्रिंस कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया गया। घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए हैं और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पति और उसके परिजन घटना के बाद से फरार हैं। मृतका के परिजनों के आवेदन अथवा पुलिस के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी जाएगी। पुलिस का कहना है कि हत्या जैसे जघन्य अपराध में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर कानून के कठघरे में खड़ा किया जाएगा। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
