चतरा। सदर थाना क्षेत्र के बरैनी पंचायत अंतर्गत घूरनाडीह गांव स्थित चटनियां नदी में पिकनिक मनाने पहुंचे तीन दोस्तों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। तीनों के शव नदी से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान चोर मोहल्ला निवासी अंश प्रकाश, घघरटोली निवासी प्रिंस कुमार और चौर मोहल्ला निवासी सत्यम कुमार के रूप में हुई है।
बताया गया कि तीनों दोस्त शुक्रवार की अहले सुबह साइकिल से चटनियां नदी पहुंचे थे। नदी किनारे तीनों ने पास्ता बनाकर खाया। इसके बाद वे नहाने के लिए नदी में उतर गए। इसी दौरान तीनों गहरे पानी में चले गए और डूबने से उनकी मौत होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। घटनास्थल के आसपास से तीन साइकिल, तीन जोड़ी चप्पल, दो बैग, कपड़े समेत अन्य सामान बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया तीनों की मौत नहाने के दौरान डूबने से प्रतीत हो रही है। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।




