देवघर। राजकीय श्रावणी मेला 2026 के तहत आगामी चतुर्थ एवं अंतिम सोमवारी को लेकर देवघर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ एवं सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर द्वारा QRT टीम एवं वरीय पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए ब्रीफिंग की गई।
ब्रीफिंग के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों एवं जवानों को भीड़ नियंत्रण, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था तथा किसी भी आकस्मिक परिस्थिति से निपटने को लेकर सतर्क रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अंतिम सोमवारी के अवसर पर बड़ी संख्या में कांवरियों एवं श्रद्धालुओं के देवघर पहुंचने की संभावना है। ऐसे में सभी प्रतिनियुक्त पुलिसकर्मी अपने-अपने निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर मुस्तैद रहेंगे।
QRT टीम को संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में त्वरित कार्रवाई के लिए तैयार रहने को कहा गया। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने, भीड़ के बीच लगातार निगरानी करने और किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
पुलिस प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मेला क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। अधिकारियों ने आपसी समन्वय के साथ ड्यूटी का निर्वहन करने पर भी विशेष जोर दिया।
