देवघर जिलावासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं निष्पादन को लेकर उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को उपायुक्त के समक्ष रखा। इस दौरान भू-अर्जन एवं मुआवजा भुगतान, अनुकम्पा नियुक्ति, झारखंड मुख्यमंत्री मईंया सम्मान योजना, फसल बीमा योजना, भू-राजस्व, पेंशन एवं आवास से जुड़े मामलों को लेकर बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए।
उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने जनता दरबार में उपस्थित सभी फरियादियों की समस्याओं को एक-एक कर गंभीरता से सुना तथा आश्वस्त किया कि प्राप्त सभी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर जल्द से जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी मामलों का त्वरित निष्पादन किया जाए।
जनता दरबार के दौरान झारखंड मुख्यमंत्री मईंया सम्मान योजना, पेंशन एवं राजस्व से संबंधित कई मामलों का ऑन द स्पॉट समाधान भी किया गया। विशेष रूप से सारवां प्रखंड निवासी जवाहर मिया एवं इदरीश मिया के आवेदन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें वृद्धा पेंशन योजना के लाभ से जोड़ा गया। उपायुक्त के इस त्वरित पहल से लाभुकों ने खुशी जाहिर करते हुए प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
इसके अतिरिक्त जनता दरबार में विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं, जिन पर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को भौतिक जांच कर शीघ्र कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी विभाग यह सुनिश्चित करें कि प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन हो तथा शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
उपायुक्त ने सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने का दिया निर्देश ।

