देवघर में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला देवघर जिला का है, जहां कुंडा थाना से महज 30 मीटर की दूरी पर स्थित एक ज्वेलरी दुकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत के साथ-साथ पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, दुकान संचालक पवन वर्णवाल रोज की तरह सुबह अपनी दुकान खोलने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने देखा कि दुकान का वेंटिलेशन टूटा हुआ है और अंदर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा है। दुकान की स्थिति देखकर उन्हें चोरी की आशंका हुई। जांच करने पर पता चला कि दुकान में रखे कीमती जेवरात समेत अन्य सामान गायब हैं। चोर दुकान के वेंटिलेशन को तोड़कर अंदर घुसे और आराम से चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। घटना की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी दुकान में लगा सीसीटीवी कैमरा बना है। कैमरे में पूरी वारदात रिकॉर्ड हुई है, जिसमें एक नकाबपोश चोर दुकान के अंदर घूमता और सामान खंगालता हुआ दिखाई दे रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर चोर की पहचान करने और उसके संभावित ठिकानों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि थाना के इतने करीब स्थित दुकान में चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
फिलहाल पुलिस चोरी गए सामान के मूल्यांकन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
