देवघर। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत देवघर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में 17 जून 2026 को सारवां थाना क्षेत्र में छापेमारी कर चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग फर्जी तरीके से Flipkart, Amazon Pay, Airtel Payment Bank तथा Google पर PhonePe कस्टमर केयर प्रतिनिधि बनकर लोगों से ठगी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए असरफ अंसारी, सद्दाम अंसारी, मुस्तकीम अंसारी और बिनोद दास को गिरफ्तार किया गया।
प्रारंभिक जांच में आरोपियों की संलिप्तता साइबर ठगी में पाई गई है। अपराधी फर्जी Google Pay, PhonePe और PayTM कस्टमर केयर अधिकारी बनकर कैशबैक का लालच देते थे। इसके अलावा PM किसान योजना, बिजली बिल और RTO चालान के नाम पर APK फाइल भेजकर मोबाइल का एक्सेस हासिल करते थे। वहीं फर्जी Airtel Payment Bank अधिकारी बनकर उपभोक्ताओं को झांसे में लेकर ठगी करते थे।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन और चार सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी सद्दाम अंसारी पूर्व में भी साइबर थाना कांड संख्या 80/25 में जेल जा चुका है। तकनीकी जांच में आरोपियों के मोबाइल नंबर और IMEI से विभिन्न राज्यों में दर्ज साइबर ठगी की शिकायतों का भी पता चला है।
