देवघर पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर (भा.पु.से.) के निर्देश पर साइबर अपराधियों के विरुद्ध लगातार चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में 26 जून को जसीडीह थाना क्षेत्र में छापेमारी की गई।गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली थी कि कुछ लोग फर्जी तरीके से Flipkart, Amazon Pay, Google Pay, PhonePe और Airtel Payment Bank के कस्टमर केयर प्रतिनिधि बनकर आम लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद की गई कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहनपुर थाना क्षेत्र के पतारडीह निवासी 21 वर्षीय उदय दास तथा गड़िया निवासी 24 वर्षीय कांग्रेस यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में बरामद मोबाइल और सिम कार्ड से साइबर ठगी में संलिप्तता के साक्ष्य मिले हैं।पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी फर्जी Google Pay, PhonePe और PayTM कस्टमर केयर अधिकारी बनकर कैशबैक का झांसा देते थे। इसके अलावा PM किसान योजना, बिजली बिल और RTO चालान के नाम पर APK फाइल भेजकर लोगों के मोबाइल का एक्सेस हासिल करते थे। वहीं Airtel Payment Bank के अधिकारी बनकर कार्ड दोबारा चालू कराने के नाम पर भी लोगों से ठगी करते थे। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
