धनबाद जिले के बाघमारा स्थित सोनारडीह थाना के ठीक सामने शुक्रवार देर रात अपराधियों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए केबल चोरी का विरोध करने पर एक पंप ऑपरेटर को गोली मार दी। घटना रात करीब 1:30 बजे की बताई जा रही है। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि थाना के सामने हुई इस घटना ने कानून-व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पंप ऑपरेटर उमेश रविदास ने कुछ लोगों को केबल चोरी करते देखा और उनका विरोध किया। विरोध से नाराज अपराधियों ने उमेश पर गोली चला दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत कर अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी, क्षेत्र में सघन छापेमारी और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की। विधायक ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि जब थाना के ठीक सामने अपराधी बेखौफ होकर गोलीबारी कर सकते हैं, तो आम नागरिक खुद को सुरक्षित कैसे महसूस करेंगे। लोगों ने क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी और आपराधिक घटनाओं पर भी चिंता जताई।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
