देवघर। साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत देवघर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर वरीय पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए साइबर थाना पुलिस ने चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों पर फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों से ऑनलाइन ठगी करने का आरोप है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि देवघर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कुछ युवक खुद को Flipkart, Amazon, Airtel Payment Bank तथा PhonePe कस्टमर केयर प्रतिनिधि बताकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। आरोपी लोगों को कैशबैक, बैंकिंग सुविधा, पीएम किसान योजना और लोन दिलाने का झांसा देकर फर्जी मोबाइल नंबरों के माध्यम से साइबर ठगी कर रहे थे। सूचना के आधार पर छापेमारी अभियान चलाया गया, जिसमें चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में मोहनपुर थाना क्षेत्र के घुटिया बड़ा असाहना निवासी सूरज कुमार और बिट्टू कुमार, पालाजोरी थाना क्षेत्र के लखीबाद निवासी मुस्तकीम अंसारी तथा दुमका जिले के मसलिया थाना क्षेत्र निवासी नुरूल अंसारी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार बिट्टू कुमार पहले भी साइबर थाना कांड संख्या 142/24 में आरोपी रह चुका है।
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी फर्जी Google Pay, PhonePe और PayTM कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों को Gift Card Create कराने के बाद उसे Redeem कर रकम उड़ाते थे। वहीं फर्जी Airtel Payment Bank अधिकारी बनकर Airtel Thanks App के जरिए उपभोक्ताओं को झांसे में लेकर ठगी की जाती थी।
छापेमारी के दौरान आरोपियों के पास से पांच मोबाइल फोन, पांच सिम कार्ड तथा एक प्रतिबिंब सिम बरामद किया गया। इस कार्रवाई में साइबर थाना के पुलिस निरीक्षक संतोष कुमार मंडल, मोहनपुर थाना प्रभारी सालो हेम्ब्रम और पालाजोरी थाना प्रभारी संजय कुमार की अहम भूमिका रही।
