देवघर जिले में अवैध बालू उठाव और परिवहन के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में सारवां थाना क्षेत्र और सारठ थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध बालू लदे दो ट्रैक्टरों को जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार, सारवां थाना पुलिस ने थाना क्षेत्र में गश्ती के दौरान अवैध रूप से बालू परिवहन कर रहे एक ट्रैक्टर को पकड़ा। वहीं दूसरी ओर सारठ थाना क्षेत्र के मुरचुरा रानीगंज घाट से भी अवैध बालू लदा एक ट्रैक्टर जब्त किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से बालू माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध खनन और बालू परिवहन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जब्त किए गए दोनों ट्रैक्टरों को संबंधित थाना परिसर में रखा गया है तथा आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
प्रशासन का कहना है कि अवैध बालू कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही लोगों से भी अपील की गई है कि अवैध खनन या परिवहन की सूचना तुरंत पुलिस अथवा प्रशासन को दें।
