देवघर। उपायुक्त के निर्देश पर उत्पाद विभाग की टीम ने शुक्रवार को देवीपुर थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान 396 लीटर अवैध विदेशी शराब, 20 लीटर स्प्रिट, खाली बोतलें और अन्य सामग्री जब्त की गई। मौके से दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।पहली छापेमारी ग्राम कुबरी में की गई, जहां से रंजीत कुमार को गिरफ्तार किया गया। यहां 39 पेटी विदेशी शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 351 लीटर है। जब्त शराब में इकोनिक, रॉयल स्टैग और रॉयल चैलेंज ब्रांड शामिल हैं। इसके अलावा 20 लीटर स्प्रिट, करीब 500 खाली बोतलें, आठ खाली जरकीन, कार्टन और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।दूसरी कार्रवाई कुबरी मोड़ के पास हुई, जहां से नथानी वर्मा को गिरफ्तार किया गया। यहां पांच पेटी यानी 45 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। इसमें ब्लेंडर्स प्राइड और रॉयल चैलेंज ब्रांड की शराब शामिल है। टीम ने तस्करी में प्रयुक्त एक हीरो पैशन मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किया।दोनों मामलों में उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। कार्रवाई में उत्पाद विभाग के अवर निरीक्षक कांग्रेश कुमार, निलेश कुमार सिन्हा सहित अन्य कर्मी शामिल थे।
