देवघर। विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला-2026 की तैयारियों को लेकर झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने सोमवार को देवघर में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में विधायक सुरेश पासवान, उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और सुचारु व्यवस्था सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेला क्षेत्र में स्वच्छता, शुद्ध पेयजल, पर्याप्त शौचालय, चिकित्सा शिविर और एंबुलेंस सेवाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
इरफान अंसारी ने खाद्य सुरक्षा पर विशेष जोर देते हुए कहा कि मेला क्षेत्र में बिकने वाले खाद्य पदार्थों और प्रसाद की गुणवत्ता की नियमित जांच की जाएगी। यदि किसी दुकान में मिलावटी या खराब गुणवत्ता का प्रसाद अथवा खाद्य सामग्री पाई जाती है तो संबंधित दुकानदार के साथ-साथ जिम्मेदार अधिकारी पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
मंत्री ने बताया कि पूरे श्रावणी मेला अवधि के दौरान स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में रहेगा। सभी अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को 24 घंटे सक्रिय रखा जाएगा ताकि किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल उपचार मिल सके। उन्होंने कहा कि वह स्वयं पूरे मेले की लगातार मॉनिटरिंग करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। सरकार का उद्देश्य सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित श्रावणी मेला आयोजित करना है।
