मोहनपुर में साइबर ठगों पर पुलिस का शिकंजा, चार गिरफ्तार।
देवघर पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत देवघर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में मोहनपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई में आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन, सात सिम कार्ड और एक प्रतिबिंब सिम बरामद किया गया।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी फर्जी तरीके से Flipkart, Amazon Pay, Google Pay, PhonePe, Paytm और Airtel Payment Bank के कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों से ठगी करते थे। इसके अलावा पीएम किसान योजना, बिजली बिल और आरटीओ चालान के नाम पर फर्जी APK फाइल भेजकर मोबाइल का एक्सेस हासिल कर बैंक खातों से रकम उड़ाते थे। एयरटेल थैंक्स ऐप के माध्यम से कार्ड दोबारा चालू कराने का झांसा देकर भी लोगों को निशाना बनाया जाता था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमरित कुमार, अमित कुमार, राजू कुमार ठाकुर और सूरज कुमार मंडल के रूप में हुई है। तकनीकी जांच में इनके मोबाइल नंबर और IMEI से विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें जुड़ी मिली हैं। पुलिस मामले की गहन जांच कर साइबर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
