देवघर राजकीय श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने रविवार को मेला क्षेत्र का सघन पैदल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बाबा बैद्यनाथ मंदिर के आसपास के क्षेत्रों के साथ-साथ शिवराम झा चौक, जालसार पार्क, तिवारी चौक, बीएड कॉलेज और बरमसिया चौक का भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लिया।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेला क्षेत्र में चल रहे सभी विकास एवं नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि श्रावणी मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बरमसिया चौक से सरकार भवन मोड़, बीएड कॉलेज से तिवारी चौक और शिवराम झा चौक तक कांवरियों की कतार व्यवस्था को और अधिक सुव्यवस्थित बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को कतार में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
इसके अलावा पूरे रूटलाइन में नियमित साफ-सफाई, बेहतर प्रकाश व्यवस्था तथा खुले और संवेदनशील विद्युत ट्रांसफार्मरों को सुरक्षित ढंग से कवर करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं अभियंता उपस्थित रहे।
