देवघर। विश्व प्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेला 2026 के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। देवघर उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने बुधवार को बाबा वैद्यनाथ मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि गुरुवार से बाबा मंदिर में विशेष अरघा व्यवस्था लागू की जाएगी, ताकि लाखों श्रद्धालुओं को सुगमता और सुरक्षित तरीके से जलार्पण कराया जा सके।
उपायुक्त ने बताया कि मंदिर के मंझला खंड में मुख्य अरघा लगाया जाएगा, जहां सामान्य कतार और कूपनधारी श्रद्धालु जलार्पण कर बाबा का दर्शन करेंगे। वहीं मंदिर के निकास द्वार के समीप नीर कुंड के पास बाह्य अरघा की व्यवस्था भी रहेगी। यह सुविधा विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं, दिव्यांगों, असहाय श्रद्धालुओं और कम समय में जलार्पण करने के इच्छुक भक्तों के लिए होगी। बाह्य अरघा से अर्पित गंगाजल अत्याधुनिक पाइपलाइन के माध्यम से सीधे गर्भगृह स्थित ज्योतिर्लिंग तक पहुंचेगा।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सुरक्षा, पेयजल, स्वास्थ्य, बिजली और स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षित जलार्पण और सुगम दर्शन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस दौरान पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर सहित कई प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
