देवघर। राजकीय श्रावणी मेला 2026 के सातवें दिन बाबा नगरी देवघर में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। बुधवार को अहले सुबह 4:09 बजे बाबा बैद्यनाथ मंदिर में जलार्पण शुरू हुआ। जिला जनसंपर्क कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, दिनभर में 1 लाख 52 हजार 685 श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ पर जलार्पण कर पूजा-अर्चना की।
आंकड़ों के अनुसार, 44 हजार 368 श्रद्धालुओं ने बाह्य अर्घा के माध्यम से, 1 लाख 1 हजार 278 श्रद्धालुओं ने आंतरिक अर्घा से तथा 7 हजार 39 श्रद्धालुओं ने शीघ्र दर्शनम व्यवस्था के तहत जलार्पण किया।
श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम दर्शन को लेकर जिला प्रशासन की ओर से व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। मंदिर परिसर, कतारबद्ध मार्गों और मेला क्षेत्र में सुरक्षा बल, स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, साफ-सफाई तथा यातायात प्रबंधन की समुचित व्यवस्था के बीच श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण माहौल में बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक किया। पूरे बाबा नगरी में श्रद्धा और भक्ति का वातावरण बना रहा।


