देवघर। सावन की तीसरी सोमवारी और नागपंचमी के पावन संयोग पर देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। संक्रांति के अनुसार यह बांग्ला सावन की चौथी और आखिरी सोमवारी भी है। अहले सुबह तीन बजे बाबा बैद्यनाथ मंदिर का पट खोला गया। सरदार पंडा की सरदारी पूजा संपन्न होने के बाद सुबह 4:15 बजे से आम श्रद्धालुओं के लिए जलार्पण शुरू कराया गया।
बाबा मंदिर में श्रद्धालुओं को अरघा के माध्यम से जलार्पण कराया जा रहा है। वहीं लंबी कतार में लगने में असमर्थ श्रद्धालुओं के लिए मंदिर प्रांगण में बाह्य अरघा की व्यवस्था की गई है। मंदिर परिसर में बड़े-बड़े एलईडी स्क्रीन लगाए गए हैं, जहां बाबा बैद्यनाथ के जलार्पण और पूजा-अर्चना का लाइव प्रसारण किया जा रहा है।
देवघर उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने बताया कि श्रद्धालुओं के सुगम जलार्पण और सुरक्षा को लेकर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली गई हैं। रूट लाइन में लगातार निगरानी की जा रही है। देर रात से कतार में लगे कांवरियों को सुविधा देने के लिए बीएड कॉलेज परिसर स्थित डोम पंडाल में शिफ्ट किया गया है।
सरदार पंडा ने कहा कि सोमवारी और नागपंचमी का संयोग बेहद खास है। मान्यता है कि इस दिन बाबा बैद्यनाथ पर गंगाजल और बेलपत्र अर्पित करने से भक्तों को मनवांछित फल की प्राप्ति होती है।


