देवघर। स्थानीय केकेएन स्टेडियम में गुरुवार को स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर परेड का अंतिम पूर्वाभ्यास किया गया। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने संयुक्त रूप से पूर्वाभ्यास का निरीक्षण किया। इसमें जैप-5 के जवानों की टुकड़ी, महिला एवं पुरुष पुलिस जवान, गृह रक्षा वाहिनी के कैडेट और स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। सार्जेंट मेजर के नेतृत्व में सभी प्रतिभागियों ने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार परेड का अभ्यास किया।इस अवसर पर उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सभी चेहरे पर आत्मविश्वास, उत्साह और देशप्रेम की ऊर्जा के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य बनाने में अपना शत-प्रतिशत योगदान दें। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय मुख्य समारोह में ध्वजारोहण के साथ शाम को भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम में झारखंड की कला, संस्कृति एवं इतिहास के साथ देश की गौरवशाली गाथा को भी प्रस्तुत किया जाएगा।मौके पर उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राहुल कुमार भारती, जिला नजारत उपसमाहर्ता मुकेश कुमार, सार्जेंट मेजर, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी समेत संबंधित अधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।


