मोहनपुर, देवघर। घटवाल-घटवार आदिवासी समाज की ओर से शनिवार को तिरनगर मैदान, त्रिकूट पहाड़ में आदिम जनजाति सांस्कृतिक करम परब महोत्सव 2026 का आयोजन किया गया। महोत्सव में समाज के सैकड़ों लोगों ने भाग लेकर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ करम गोसाईं, करमा परब और जावा गोसाईं की पूजा-अर्चना की।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और युवतियों ने पारंपरिक वेशभूषा में लोकगीत एवं लोकनृत्य प्रस्तुत किए। ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन पर हुए नृत्य ने माहौल को उत्साह और उल्लास से भर दिया। माताओं, बहनों, बेटियों, युवाओं एवं बुद्धिजीवियों ने सामूहिक रूप से पर्व की परंपराओं का निर्वहन किया।
आयोजकों ने कहा कि महोत्सव का उद्देश्य समाज की पारंपरिक संस्कृति, रीति-रिवाज, लोकगीत, लोकनृत्य और धार्मिक मान्यताओं का संरक्षण करना तथा नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है। बदलते समय में सांस्कृतिक पहचान को सुरक्षित रखना जरूरी है। ऐसे आयोजन सामाजिक एकता को मजबूत करने के साथ लोगों को अपनी जड़ों से जोड़ते हैं।
मौके पर खुशवंत प्रधान, महेंद्र सिंह, शैलेश राय, राजू सिंह, हेम नारायण सिंह, बलवंत सिंह, वनवारी प्रधान, वीरेंद्र सिंह, अनिल सिंह, मुकेश कुमार राय, चंदन राय, अजय बाबा, तीर्थनाथ, देव नारायण सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

