देवघर। चितरा थाना क्षेत्र के मंझलीबाद मोड़ के पास मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार एमडी एकेडमी स्कूल की बच्चों से भरी वैन को एक पिकअप वाहन ने सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूल वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में एक बच्चे की मौत होने की सूचना है, जबकि कई बच्चे गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायल बच्चों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही चितरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। हादसे के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस दुर्घटनाग्रस्त वाहनों की जांच के साथ प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटा रही है। घटना के बाद मृतक बच्चे के परिजनों में मातम पसरा है।
