देवघर। कुण्डा थाना क्षेत्र के तपोवन पहाड़ स्थित मथवा अहड़ा तालाब के पास 25 सितंबर को हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। घटना में तपोवन जमुआ निवासी उमेश यादव को गोली लगी थी, जिनका इलाज सदर अस्पताल देवघर में कराया गया। घायल के फर्दबयान के आधार पर कुण्डा थाना कांड संख्या 120/2026 दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुलदीप कुमार के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी तथा घटना में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी के लिए लगातार छापामारी कर रही थी।
इसी क्रम में 28 सितंबर की रात गुप्त सूचना के आधार पर ढाकोडीह के पास फोरलेन सड़क किनारे से तपोवन गोलीकांड में शामिल सुधांशु कुमार (18) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके पास से घटना में प्रयुक्त एक देशी पिस्टल और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया है।
