जिले में खुशी………..
देवघर जिले के करौं प्रखंड अंतर्गत चांदचौरा गांव से जुड़े न्यायमूर्ति अपरेश कुमार सिंह को सुप्रीम कोर्ट का न्यायाधीश बनाए जाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 28 सितंबर 2026 की बैठक में तेलंगाना हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अपरेश कुमार सिंह के नाम की सुप्रीम कोर्ट में नियुक्ति के लिए अनुशंसा की है।
न्यायमूर्ति सिंह की प्रारंभिक शिक्षा देवघर के आरके मिशन स्कूल से हुई। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बीए ऑनर्स और एलएलबी की पढ़ाई पूरी की। वर्ष 1990 में अधिवक्ता के रूप में करियर शुरू करने के बाद उन्होंने 2000 तक पटना हाईकोर्ट में वकालत की। वर्ष 2001 से झारखंड हाईकोर्ट में वकालत की और 24 जनवरी 2012 को झारखंड हाईकोर्ट के अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त हुए। बाद में वे स्थायी न्यायाधीश और झारखंड हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश भी रहे।
17 अप्रैल 2023 को उन्होंने त्रिपुरा हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। इसके बाद जुलाई 2025 में तेलंगाना हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश बने।
कॉलेजियम की अनुशंसा के बाद अब नियुक्ति की निर्धारित प्रक्रिया पूरी होनी है। नियुक्ति होने पर देवघर से जुड़े न्यायमूर्ति अपरेश कुमार सिंह का सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचना जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी।
