देवघर।दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए देवघर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों की तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों एवं पूजा समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन की प्राथमिकता श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
उपायुक्त ने बताया कि दुर्गा पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में भीड़ का प्रबंधन प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण चुनौती है। इसे देखते हुए आवश्यकतानुसार वन-वे यातायात व्यवस्था लागू करने, संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की योजना बनाई जा रही है।
उन्होंने बताया कि सभी पूजा पंडालों में अग्नि सुरक्षा के इंतजामों की जांच की गई है। पूजा समितियों के अध्यक्षों और सदस्यों को निर्देश दिया गया है कि अधिक भीड़ वाले दिनों में वे स्वयं सक्रिय रहकर व्यवस्था संभालें तथा श्रद्धालुओं को सहयोग प्रदान करें। प्रशासन यह सुनिश्चित करना चाहता है कि दर्शन के दौरान किसी भी श्रद्धालु को परेशानी या दुर्व्यवहार का सामना न करना पड़े।
जिला प्रशासन ने सभी पूजा समितियों से सुरक्षा मानकों का पालन करने और आपसी समन्वय बनाए रखने की अपील की है, ताकि दुर्गा पूजा का त्योहार शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सके।
