देवघर “राजकीय श्रावणी मेला 2026 के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से देवघर प्रशासन ने घोरमारा क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चलाया। उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया के निर्देश पर गठित खाद्य सुरक्षा उड़नदस्ता दल ने विभिन्न पेड़ा दुकानों का सघन निरीक्षण किया।
अभियान के दौरान माँ दुर्गा पेड़ा भंडार, संदीप पेड़ा शॉप, पीहू पेड़ा भंडार और आशीष फास्ट फूड में स्वच्छता, खाद्य गुणवत्ता, निर्माण एवं भंडारण व्यवस्था तथा खाद्य सुरक्षा लाइसेंस की जांच की गई। दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री बेचने और सभी मानकों का पालन करने का निर्देश दिया गया।
इस दौरान ओमजी पेड़ा भंडार से पूर्व में जब्त किए गए 1060 किलोग्राम संदिग्ध पेड़ा को विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में जेसीबी मशीन की सहायता से पूरी तरह नष्ट कराया गया, ताकि इसे दोबारा बाजार में नहीं बेचा जा सके।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि श्रावणी मेला अवधि में निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा। मिलावटी, अवमानक या असुरक्षित खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण और बिक्री में संलिप्त कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही कारोबारियों से वैध लाइसेंस लेकर ही खाद्य व्यवसाय संचालित करने तथा श्रद्धालुओं से संदिग्ध खाद्य पदार्थों की सूचना तत्काल विभाग को देने की अपील की गई।


