देवघर पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पथरड्डा ओपी क्षेत्र से दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर डीएसपी कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में 10 अक्टूबर को छापेमारी की गई। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सारवां थाना क्षेत्र के जारा गांव निवासी धनंजय यादव (21) और संजय यादव (24) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपित फर्जी गूगल पे, फोनपे और पेटीएम कस्टमर केयर अधिकारी बनकर कैशबैक का लालच देते थे। इसके अलावा पीएम किसान योजना, बिजली बिल और आरटीओ चालान के नाम पर एपीके फाइल भेजकर मोबाइल का एक्सेस हासिल कर ठगी करते थे। एयरटेल पेमेंट बैंक अधिकारी बनकर भी लोगों को निशाना बनाते थे। आरोपितों के पास से तीन मोबाइल फोन और तीन सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। तकनीकी जांच में जब्त मोबाइल नंबरों और आईएमईआई के विरुद्ध विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज मिली हैं।
