देवघर जिले के सोनारायठाड़ी थाना क्षेत्र के उपर नावाडीह गांव में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए सनसनीखेज साजिश का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड की मुख्य साजिशकर्ता मृतका की बहू शबाना खातून निकली, जिसने अपने प्रेमी ईरशाद अंसारी के साथ मिलकर अपनी सास और देवर की हत्या की योजना बनाई थी। वारदात के दौरान प्रेमी लगातार फोन पर संपर्क में रहकर उसे दिशा-निर्देश देता रहा।
30 जून 2026 को हुई इस घटना के बाद सोनारायठाड़ी थाना में कांड संख्या 33/2026 के तहत बीएनएस की धारा 103(1), 238 एवं 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर कुलदीप कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया।
तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल कॉल डिटेल, वैज्ञानिक अनुसंधान और लगातार छापेमारी के आधार पर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर पूरे मामले का खुलासा करते हुए शबाना खातून (19 वर्ष), पत्नी शाहिल अहमद, निवासी उपर नावाडीह तथा उसके प्रेमी ईरशाद अंसारी (19 वर्ष), निवासी पारो, थाना पालाजोरी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और हथौड़ा बरामद किया है। इसके अलावा घटनास्थल से रक्त के नमूने, आरोपियों के खून से सने कपड़े तथा अन्य महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य भी जब्त किए गए हैं, जिन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में प्रेम प्रसंग को हत्या का मुख्य कारण माना गया है। हालांकि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर चार्जशीट तैयार की जाएगी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से 24 घंटे के भीतर इस जघन्य हत्याकांड का खुलासा होना देवघर पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
