देवघर पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सात साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर (भा.पु.से.) के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में पाथरौल थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी फर्जी तरीके से Flipkart, Amazon Pay, Google Pay, PhonePe और Paytm के कस्टमर केयर प्रतिनिधि, Airtel Payment Bank के अधिकारी तथा क्रेडिट कार्ड कर्मी बनकर लोगों से ठगी करते थे। आरोपी कैशबैक, बैंकिंग सहायता और तकनीकी समस्या समाधान का झांसा देकर लोगों से बैंकिंग जानकारी हासिल करते थे। इसके अलावा PM किसान योजना, बिजली बिल और आरटीओ चालान के नाम पर फर्जी APK फाइल भेजकर मोबाइल का एक्सेस लेकर भी साइबर ठगी को अंजाम देते थे।
गिरफ्तार आरोपियों में नन्दकिशोर दास, जितेन्द्र यादव, मो. लालमुद्दीन असारी, रफीक अंसारी, अनवर अंसारी, विक्की महरा और कृष्णा दास शामिल हैं। सभी आरोपी देवघर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के निवासी हैं।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9 मोबाइल फोन, 16 सिम कार्ड, 17 एटीएम कार्ड, 3 चेकबुक, 1 पासबुक, ₹45 हजार नकद, एक टाटा पंच वाहन तथा 2 प्रतिबिंब सिम बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में जब्त मोबाइल और सिम कार्ड का उपयोग साइबर ठगी में होने की पुष्टि हुई है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी ठगी की रकम विभिन्न एटीएम से निकालकर आपस में बांट लेते थे। सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। देवघर पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, फर्जी कस्टमर केयर नंबर या संदिग्ध लिंक पर भरोसा न करें और साइबर ठगी की सूचना तत्काल साइबर थाना या हेल्पलाइन 1930 पर दें।
