देवघर पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत देवघर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में 1 जून 2026 को कार्रवाई करते हुए तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी फर्जी तरीके से Flipkart, Amazon, Airtel Payment Bank तथा Google पर PhonePe कस्टमर केयर प्रतिनिधि बनकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। इसके अलावा पीएम किसान योजना और लोन दिलाने के नाम पर भी लोगों को झांसा देकर ऑनलाइन ठगी की जा रही थी।
सूचना के आधार पर छापेमारी कर जामताड़ा और देवघर के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में राजन कुमार मंडल, विकास मंडल और रोहित मंडल शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से 7 मोबाइल फोन और 7 सिम कार्ड बरामद किए हैं।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी फर्जी Google Pay, PhonePe और Paytm कस्टमर केयर अधिकारी बनकर कैशबैक का लालच देते थे तथा PhonePe Gift Card बनवाकर उसे रिडीम कर ठगी करते थे। वहीं Airtel Payment Bank अधिकारी बनकर उपभोक्ताओं के कार्ड बंद और चालू कराने के नाम पर भी धोखाधड़ी करते थे।
पुलिस बरामद मोबाइल और सिम कार्ड की तकनीकी जांच कर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
