जामताड़ा” फतेहपुर प्रखंड के खिजुरिया डंगालपाड़ा टोला में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के दौरान बूथ परिवर्तन को लेकर विवाद गहरा गया है। ग्रामीणों ने मतदान केंद्र संख्या-10 खिजुरिया विद्यालय में अपने नाम यथावत रखने की मांग करते हुए प्रशासन से हस्तक्षेप की अपील की है।
ग्रामीणों का कहना है कि वे वर्षों से खिजुरिया विद्यालय स्थित बूथ पर मतदान करते आ रहे हैं। उनका आरोप है कि यदि मतदाताओं के नाम मंझलाडीह स्कूल बूथ में स्थानांतरित किए गए तो बुजुर्ग, महिला और दिव्यांग मतदाताओं को करीब एक किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी, जिससे मतदान प्रभावित हो सकता है। इस संबंध में ग्रामीणों ने भाजपा युवा नेता मनोज गोस्वामी को ज्ञापन सौंपकर समाधान की मांग की है।
वहीं, आंगनबाड़ी सेविका अमीना बीवी ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत उनका दायित्व केवल पूर्व मतदाता सूची के आधार पर मैपिंग करना है। किसी मतदाता का नाम एक बूथ से दूसरे बूथ में स्थानांतरित करने का अधिकार उनके पास नहीं है।
सेविका ने बताया कि बूथों का विखंडन पहले ही किया जा चुका है और वर्तमान में कोई नया परिवर्तन नहीं किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सही जानकारी प्राप्त करने की अपील की। फिलहाल पूरे मामले में प्रशासन के निर्णय का इंतजार किया जा रहा है।
