देवघर पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक घटना को समय रहते विफल कर दिया है। गुप्त सूचना के आधार पर नगर थाना क्षेत्र में की गई कार्रवाई में पुलिस ने पांच संदिग्ध अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक अवैध देसी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और एक फ्रोंक्स कार बरामद की गई है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी देवघर रेलवे स्टेशन से रांगामोड़ होते हुए भुरभुरा मोड़ के पास किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सफेद रंग की फ्रोंक्स कार को रोका और तलाशी ली।
तलाशी के दौरान वाहन से एक अवैध देसी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से शैलेश कुमार दास, अरविंद कुमार दास, गोलू महथा उर्फ गोलू पासी, लल्ला झा और रोहन दुरी उर्फ विजय दुरी को गिरफ्तार किया। सभी आरोपी रिखिया थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने नगर थाना कांड संख्या 216/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है।
