झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। प्रमुख दलों द्वारा अपने-अपने उम्मीदवारों की घोषणा के बाद अब चुनावी मुकाबला रोचक होता नजर आ रहा है। शनिवार को राज्यसभा चुनाव के लिए कुल पांच उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र खरीदा, जिससे राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।कांग्रेस की ओर से प्रणव झा, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से लातेहार विधायक बैजनाथ राम तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से गौरव वल्लभ ने नामांकन पत्र खरीदा। वहीं उद्योगपति परिमल नाथवानी ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन पत्र लेकर चुनावी समीकरणों को नया मोड़ दे दिया है। इसके अलावा साईं विजय रेड्डी ने भी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र खरीदा है।राजनीतिक जानकारों का मानना है कि परिमल नाथवानी की चुनावी मैदान में एंट्री से दलों की रणनीति प्रभावित हो सकती है। निर्दलीय उम्मीदवारों की मौजूदगी के कारण मतदान के दौरान क्रॉस वोटिंग और समर्थन के समीकरणों पर भी नजर रहेगी।राज्यसभा चुनाव को लेकर अब सभी दल अपने विधायकों को एकजुट रखने और समर्थन जुटाने में सक्रिय हो गए हैं। आगामी दिनों में नामांकन प्रक्रिया और राजनीतिक गतिविधियों के साथ चुनावी माहौल और गर्म होने की संभावना है।
