देवघर। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की देवघर जिला इकाई द्वारा पार्टी का 30वां स्थापना दिवस रविवार को सत्संग परिसर स्थित महेश गार्डन में उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, महिला एवं युवा प्रकोष्ठ के सदस्य तथा पंचायत जनप्रतिनिधि शामिल हुए। आयोजन के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और पार्टी के समर्थन में जमकर नारे लगाए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि देवघर विधायक सुरेश पासवान रहे, जबकि अध्यक्षता जिला अध्यक्ष डॉ. फनी भूषण यादव ने की। दोनों नेताओं ने संयुक्त रूप से केक काटकर स्थापना दिवस समारोह का शुभारंभ किया। इसके बाद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए संगठन की मजबूती और आगामी राजनीतिक रणनीति पर अपने विचार रखे।
अपने संबोधन में विधायक सुरेश पासवान ने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल सामाजिक न्याय, समता और भाईचारे की विचारधारा को आगे बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों को गांव-गांव तथा जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की वास्तविक ताकत बूथ स्तर के कार्यकर्ता होते हैं, इसलिए प्रत्येक बूथ को मजबूत बनाना समय की आवश्यकता है।
जिला अध्यक्ष डॉ. फनी भूषण यादव ने कहा कि पार्टी का 30 वर्षों का सफर संघर्ष, सामाजिक न्याय और जनसेवा की भावना से प्रेरित रहा है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आपसी एकता बनाए रखते हुए संगठन विस्तार में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं के सहयोग से राजद आने वाले समय में और अधिक मजबूत होकर जनता की आवाज बुलंद करेगी।
समारोह में प्रदेश एवं जिला स्तर के कई पदाधिकारियों ने भी अपने विचार रखे। अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने और पार्टी की विचारधारा को आम लोगों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।



