देवघर। साइबर अपराध के खिलाफ देवघर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में 28 सितंबर को सारठ थाना एवं पथरड्डा ओपी क्षेत्र में छापेमारी कर 16 संदिग्ध साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी फर्जी Google Pay, PhonePe और Paytm कस्टमर केयर प्रतिनिधि बनकर कैशबैक का झांसा देते थे। इसके अलावा PM किसान योजना, बिजली बिल और RTO चालान के नाम पर APK फाइल भेजकर मोबाइल का एक्सेस हासिल कर ठगी की जाती थी।
पुलिस ने बताया कि कुछ आरोपी फर्जी Airtel Payment Bank अधिकारी बनकर Airtel Thanks ऐप के जरिए ग्राहकों को झांसे में लेते थे। गिरफ्तार आरोपियों के पास से 19 मोबाइल फोन और 25 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। तकनीकी जांच में जब्त मोबाइल नंबरों और IMEI के खिलाफ विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें मिलने की बात सामने आई है।
गिरफ्तार आरोपियों में अक्षय कुमार, प्रफुल दास, पवन यादव, ललन दास, रमेश दास, शेखर दास, बिट्टू दास, पंकज कुमार समेत 16 लोग शामिल हैं। पुलिस के अनुसार इनमें कई आरोपियों का पूर्व में भी साइबर अपराध के मामलों से संबंध रहा है।
