देवघर। साइबर अपराध के खिलाफ देवघर पुलिस की कार्रवाई में तीन कथित साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके पास से तीन मोबाइल फोन और तीन सिम कार्ड बरामद किए हैं। यह कार्रवाई 15 अक्टूबर को पथरड्डा ओपी क्षेत्र के सूरा-भूरा जंगल में गुप्त सूचना के आधार पर की गई।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी फर्जी कस्टमर केयर प्रतिनिधि और बैंक अधिकारी बनकर लोगों को ऑनलाइन ठगी का शिकार बनाते थे। आरोपी Flipkart, Amazon, Airtel Payment Bank और Google Pay व PhonePe के कस्टमर केयर के नाम पर लोगों को झांसा देते थे। इसके अलावा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना और लोन दिलाने का प्रलोभन देकर भी ठगी किए जाने की जानकारी मिली है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप दास, छोटु कुमार दास और सरवण यादव के रूप में हुई है। तीनों देवघर जिले के पथरड्डा ओपी क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस के मुताबिक, मोबाइल फोन और सिम कार्ड की प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी से जुड़े साक्ष्य मिले हैं। गिरफ्तार आरोपी छोटु कुमार दास का नाम साइबर थाना देवघर के कांड संख्या 70/2023 में भी सामने आया था।यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर वरीय पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के मार्गदर्शन में की गई। छापेमारी दल में साइबर थाना के पुलिस निरीक्षक संतोष कुमार मंडल और पथरड्डा ओपी की पुलिस टीम शामिल थी।
