एक सप्ताह में काम पूरा करने का निर्देश…………



देवघर सदर अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर ब्लॉक के कार्यों का उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने मंगलवार को औचक निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति का जायजा लेते हुए ऑपरेशन थियेटर (OT), इमरजेंसी वार्ड, आईसीयू (ICU), लिफ्ट स्थापना एवं रिसेप्शन एरिया का निरीक्षण किया। उपायुक्त ने संबंधित एजेंसी और पदाधिकारियों को गुणवत्ता मानकों का पालन करते हुए शेष कार्यों को एक सप्ताह के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि क्रिटिकल केयर ब्लॉक के शुरू होने से देवघर शहर के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के गंभीर मरीजों को स्थानीय स्तर पर आधुनिक और त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। इससे आपातकालीन एवं गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के इलाज में बड़ी राहत मिलेगी।
उन्होंने बताया कि निर्माण पूरा होने के बाद प्रशासनिक टीम द्वारा दोबारा विस्तृत निरीक्षण किया जाएगा। इसके बाद ब्लॉक के बेहतर संचालन और आम लोगों को अधिकतम लाभ दिलाने के लिए सुव्यवस्थित संचालन योजना तैयार की जाएगी। निरीक्षण के दौरान डीडीसी पीयूष सिन्हा, सिविल सर्जन, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं तकनीकी पदाधिकारी मौजूद रहे।
