देवघर। साइबर अपराध के खिलाफ देवघर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में 31 अगस्त को पथरड्डा ओपी क्षेत्र में छापेमारी की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनीष कुमार, अजय दास, प्रेम कुमार दास, अमित दास, सिकन्दर दास और शिवाशिष कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी फर्जी Google Pay, PhonePe और Paytm कस्टमर केयर अधिकारी बनकर कैशबैक का झांसा देते थे। इसके अलावा PM किसान योजना, बिजली बिल और RTO चालान के नाम पर APK फाइल भेजकर मोबाइल का एक्सेस हासिल कर ठगी की जाती थी। फर्जी Airtel Payment Bank अधिकारी बनकर भी लोगों को निशाना बनाया जाता था। आरोपियों के पास से आठ मोबाइल फोन और नौ सिम कार्ड बरामद हुए हैं। तकनीकी जांच में इनके नंबरों और IMEI से कई राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें जुड़ी मिली हैं।
