देवघर पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर साइबर थाना और कुण्डा थाना की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की।
पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ साइबर अपराधी फर्जी तरीके से Flipkart, Amazon, PhonePe, Google Pay, PayTM, IRCTC और Airtel Payment Bank के कस्टमर केयर प्रतिनिधि बनकर लोगों से ठगी कर रहे हैं। इसके अलावा आरोपी पीएम किसान योजना और लोन दिलाने के नाम पर भी लोगों को झांसा देकर ऑनलाइन ठगी की वारदात को अंजाम दे रहे थे।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने चिकु कुमार मंडल, छोटु कुमार महतो और कुन्दन कुमार को गिरफ्तार किया। जांच में पता चला कि आरोपी कैशबैक का लालच देकर लोगों से PhonePe Gift Card बनवाकर उसे रिडीम कर लेते थे। वहीं Airtel Payment Bank का अधिकारी बनकर ग्राहकों को कार्ड बंद होने का डर दिखाकर ठगी करते थे।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन, तीन सिम कार्ड और दो प्रतिबिंब सिम बरामद किए गए हैं। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।
