जामताड़ा: फतेहपुर बाजार में 29 मई को हुए चर्चित ज्वेलर्स लूटकांड का जामताड़ा पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए एक कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध हथियार, जिंदा कारतूस, मोटरसाइकिल तथा लूटे गए चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। मामले में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि लूटकांड में शामिल एक अपराधी लाल रंग की मोटरसाइकिल से बीचकोड़ा-फतेहपुर मार्ग होते हुए दुमका की ओर जाने वाला है। सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नाला के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने बनगढ़ी पुल के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान पुलिस को देखकर एक संदिग्ध युवक भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान देवघर जिले के चितरा थाना क्षेत्र के तुलसीडाबर निवासी फिरोज अंसारी के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके पास से एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, एक मोटरसाइकिल तथा करीब 100 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए गए।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने 29 मई की रात फतेहपुर बाजार स्थित एक स्वर्ण व्यवसायी से हथियार के बल पर नकदी और सोने-चांदी के जेवरात से भरा बैग लूटने की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसने बताया कि इस वारदात को तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया गया था।
जांच के दौरान आरोपी ने देवघर, दुमका और जामताड़ा जिलों में लूट, डकैती, हत्या समेत कई गंभीर अपराधों में शामिल होने की बात भी स्वीकार की है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ विभिन्न थानों में लगभग 18 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। पुलिस को जल्द पूरे गिरोह का पर्दाफाश होने की उम्मीद है। इस कार्रवाई में फतेहपुर, कुण्डहित सहित कई थाना क्षेत्रों की पुलिस टीम और सशस्त्र बल के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
