देवघर जिले के भुरभुरा मोड़ के पास बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार हाईवा ने सड़क पार कर रहे व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि व्यक्ति गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान राम लाल सिंह के रूप में हुई है। वे मूल रूप से बिहार के निवासी थे और वर्तमान में देवघर के प्रोफेसर कॉलोनी में रह रहे थे।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य माध्यमों से वाहन एवं चालक की पहचान करने में जुटी हुई है।इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
