देवघर जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने ब्राउन शुगर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। प्राप्त सूचना के आधार पर दहीजोर-लेटवावरण सड़क स्थित तिराहा मोड़ के पास छापेमारी कर पुलिस ने गौतम महथा उर्फ गौतम चौधरी को रंगे हाथ ब्राउन शुगर बेचते हुए गिरफ्तार किया। उसके पास से 8.43 ग्राम ब्राउन शुगर एवं एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
इस कार्रवाई का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर देवघर श्री अशोक कुमार सिंह ने किया। पूछताछ के दौरान गौतम महथा ने ब्राउन शुगर सप्लाई करने वाले सरगना फिरोज अंसारी उर्फ गुड्डू का नाम बताया, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुमका जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र निवासी फिरोज अंसारी को भी गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों में संगठित तरीके से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करते थे। मामले में मोहनपुर थाना कांड संख्या 77/26 के तहत BNS एवं NDPS एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार गौतम महथा के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस सफल कार्रवाई में मोहनपुर थाना, बाबा मंदिर थाना एवं तकनीकी शाखा की टीम शामिल रही।
