देवघर। पर्व-त्योहार को देखते हुए देवघर जिले में मिलावटी एवं एनालॉग (सिंथेटिक/नकली) पनीर के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने सघन जांच अभियान शुरू किया है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सुबीर रंजन के नेतृत्व में शहर के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया।
अभियान के दौरान जसीडीह, बरमसिया, कुंडा, कॉस्टर टाउन और सुभाष चंद्रा रोड क्षेत्र के प्रतिष्ठानों की जांच की गई। सुभाष चंद्रा रोड स्थित वीयोरी इन, जसीडीह के सुख सागर और बरमसिया स्थित संजू मिष्ठान भंडार से पनीर के नमूने संग्रहित किए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य जांच प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने कारोबारियों को निर्देश दिया कि वे केवल वैध लाइसेंसधारी आपूर्तिकर्ताओं से ही पनीर की खरीद कर बिक्री करें। विभाग ने स्पष्ट किया कि अवैध स्रोत से प्राप्त पनीर या मिलावटी पनीर पाए जाने पर उसे जब्त कर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की सुसंगत धाराओं के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने पर्व-त्योहार के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने को लेकर जांच अभियान जारी रखने की बात कही।
