देवघर: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर देवघर पुलिस द्वारा जिलेभर में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक देवघर प्रवीन पुष्कर के नेतृत्व में पुलिस केंद्र देवघर सहित जिले के विभिन्न थाना एवं पुलिस प्रतिष्ठानों में ‘एक पेड़ झारखंड के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने पुलिस केंद्र परिसर में पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा सभी पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने एवं उनकी देखभाल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और वृक्षारोपण के माध्यम से ही आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सकता है।
अभियान के तहत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पदाधिकारियों एवं जवानों ने पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान लोगों को वृक्षों के महत्व, जलवायु संतुलन बनाए रखने में उनकी भूमिका तथा हरित झारखंड के निर्माण में जनभागीदारी की आवश्यकता के बारे में भी जागरूक किया गया।
देवघर पुलिस की इस पहल को स्थानीय लोगों ने सराहनीय बताते हुए पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
