देवघर: आगामी श्रावणी मेला-2026 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में सोमवार को पुलिस अधीक्षक, देवघर ने कांवड़िया पथ एवं उससे जुड़े महत्वपूर्ण स्थलों का व्यापक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (देवघर), डीएसपी सीसीआर, डीएसपी ट्रैफिक, थाना प्रभारी (देवघर) तथा सार्जेंट मेजर भी मौजूद रहे।
पुलिस अधीक्षक ने हिंडोला रेलवे ब्रिज, घोरमारा, हथगढ़, कोरिया, एस.ए. बस पड़ाव सहित कांवड़िया रूट के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण एवं श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेला अवधि के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा का अनुभव मिले।
निरीक्षण के दौरान कांवड़िया मार्ग पर संभावित भीड़ वाले क्षेत्रों, संवेदनशील स्थानों तथा यातायात बाधित होने वाले बिंदुओं की पहचान की गई। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेला शुरू होने से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जाए। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी, बैरिकेडिंग तथा ट्रैफिक डायवर्जन योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि श्रावणी मेला विश्व प्रसिद्ध धार्मिक आयोजन है, जिसमें लाखों श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ के दर्शन के लिए देवघर पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और मेला अवधि के दौरान हर स्थिति पर सतर्क निगरानी रखने का निर्देश दिया।
प्रशासन का उद्देश्य इस वर्ष भी श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम श्रावणी मेला उपलब्ध कराना है।



