देवघर, 30 जुलाई। राजकीय श्रावणी मेला 2026 के दौरान महिला श्रद्धालुओं और बच्चों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए देवघर जिला प्रशासन ने रूटलाइन में 10 मातृत्व विश्राम गृह शुरू किए हैं। उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया एवं नगर आयुक्त सुलोचना मीना ने गुरुवार को इन विश्राम गृहों का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने प्रतिनियुक्त महिला कर्मियों को सेवा भाव के साथ महिला श्रद्धालुओं और बच्चों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने बताया कि सावन मेले में लाखों की संख्या में महिलाएं और बच्चे जलार्पण के लिए बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचते हैं। लंबी कतारों में घंटों इंतजार के कारण उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसे देखते हुए रूटलाइन के 10 चिन्हित स्थानों पर मातृत्व विश्राम गृह बनाए गए हैं।
इन केंद्रों पर बैठने की सुविधा, पेयजल, बच्चों के लिए डायपर, महिलाओं के लिए सैनिटरी पैड, बिस्कुट सहित अन्य आवश्यक सामग्री निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही सरकार की महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। प्रत्येक केंद्र पर महिला कर्मियों की तैनाती की गई है तथा सुरक्षा की दृष्टि से पुरुषों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है।
शुभारंभ कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
