देवघर। राजकीय श्रावणी मेला 2026 को लेकर शनिवार को आरएल सर्राफ स्थित अस्थायी मीडिया सेंटर में उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया एवं पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर की संयुक्त अध्यक्षता में साप्ताहिक प्रेसवार्ता हुई। उपायुक्त ने बताया कि 30 जुलाई से 21 अगस्त तक 51 लाख 12 हजार 531 श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ का जलार्पण किया। इनमें 1,90,887 श्रद्धालु शीघ्रदर्शनम् कूपन के माध्यम से शामिल रहे। इस अवधि में बाबा मंदिर को कुल 8,23,47,741 रुपये की आय हुई, जबकि शीघ्रदर्शनम् कूपन से 60 प्रतिशत हिस्से के रूप में 6,87,19,320 रुपये प्राप्त हुए।
मेला क्षेत्र में सुरक्षा के लिए 597 मजिस्ट्रेट व पदाधिकारी तथा 6763 पुलिस बल तैनात हैं। 925 सीसीटीवी, 225 एआई कैमरे और पांच ड्रोन से निगरानी की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग के 35 अस्थायी केंद्रों में 1,80,562 श्रद्धालुओं का इलाज किया गया।
34 सूचना केंद्रों पर 88,328 खोये-पाये श्रद्धालु पंजीकृत हुए, जिनमें 71,198 को परिजनों से मिलाया गया। एसपी ने बताया कि सुरक्षा के लिए 21 अस्थायी ओपी और 13 यातायात ओपी बनाए गए हैं। अंतिम सोमवारी को लेकर प्रशासन ने सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं।

