देवघर में श्रावणी मेले के दौरान एनडीआरएफ की टीम ने साहसिक अभियान चलाकर शिवगंगा तालाब के समीप भट्टर धर्मशाला के कुएं में गिरे बिहार के 28 वर्षीय श्रद्धालु योगेंद्र चौधरी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। गया जिले के बोधगया निवासी योगेंद्र दोपहर करीब 13:30 बजे कुएं में गिर गए थे। सूचना मिलते ही मेला कंट्रोल रूम ने शिवगंगा पर तैनात एनडीआरएफ टीम को जानकारी दी। इंस्पेक्टर अशोक कुमार के नेतृत्व में टीम 13:40 बजे मौके पर पहुंची और तत्काल बचाव कार्य शुरू किया। एक बचावकर्मी रस्सी व कैराबिनर के सहारे कुएं में उतरा और श्रद्धालु को सुरक्षित बांधकर बाहर निकाला। महज पांच मिनट में, 13:45 बजे उन्हें कुएं से बाहर निकाल लिया गया। एनडीआरएफ ने प्राथमिक उपचार दिया। उनकी स्थिति स्थिर बताई गई है। बाद में उन्हें पुलिस ओपी-06 के माध्यम से मेडिकल कैंप भेजा गया।
