धनबाद। बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के कल्याणपुर पेट्रोल पंप के पास शनिवार तड़के करीब दो बजे यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस बिहार से यात्रियों को लेकर कोलकाता जा रही थी। हादसे के समय बस में करीब 20 से 25 यात्री सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और बरवाअड्डा पुलिस मौके पर पहुंची और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। हादसे में कुछ यात्रियों के घायल होने की सूचना है। घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज कराया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चालक को झपकी आने के कारण बस अनियंत्रित हुई और सड़क पर पलट गई। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना के बाद चालक के मौके से फरार होने की भी बात सामने आई है।
पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए NH-19 पर यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस दुर्घटना के कारणों और चालक के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
